जमवारामगढ़, जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को प्रसिद्ध जमवाय माता मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर महाराज विनायक ग्लोबल यूनिवर्सिटी एवं जयपुर डेंटल कॉलेज के चेयरमैन डॉ. विकास जेफ ने भंवर जितेंद्र सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई।
भंवर जितेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए प्रदेश में बढ़ते जल संकट, ग्रामीण विकास, रोजगार तथा जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए प्रभावी कदम उठाना समय की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास करने पर बल दिया।
डॉ. विकास जेफ ने कहा कि समाज एवं प्रदेश के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्रों में सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने भंवर जितेंद्र सिंह के प्रदेश हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
